पुन्हाना। एवीटी स्टाफ ने हत्या, लूट और चोरी जैसे गंभीर मामलों में पिछले करीब 16 वर्षों से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान हाकम पुत्र अब्दुल हामिद निवासी शिकरावा के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार 28 जून को दौराने पीओ चेकिंग एवीटी स्टाफ टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हाकम को काबू किया। आरोपी राजस्थान के शाहपुर थाना क्षेत्र में दर्ज हत्या और लूट के मामलों में लंबे समय से उद्घोषित अपराधी चल रहा था। गिरफ्तारी के बाद एवीटी स्टाफ टीम ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना शाहपुर, जिला जयपुर राजस्थान पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी हाकम के खिलाफ थाना शाहपुर, जिला जयपुर राजस्थान में वर्ष 2010 के हत्या के एक मामले तथा वर्ष 2011 के लूट और बंधक बनाने के मामले में मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें वह पीओ घोषित था। इसके अतिरिक्त उसके खिलाफ थाना शाहपुर में लूट एवं आर्म्स एक्ट के तहत एक अन्य मामला भी दर्ज है। वहीं वर्ष 2015 में थाना सिटी बल्लभगढ़, फरीदाबाद में चोरी का मामला भी आरोपी के खिलाफ दर्ज पाया गया है। नूंह पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि जिले में वांछित एवं फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत एवीटी स्टाफ ने यह महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी इसी प्रकार जारी रहेगी।