नोएडा सेक्टर-99 में बृहस्पतिवार रात को सलारपुर यू-टर्न पर कार और स्कूटर की टक्कर हो गई। इसमें स्कूटर सवार छात्र और कार चालक की मौत हो गई। हादसे में छात्र का चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के समय स्कूटर सवार रांग साइड में जा रहे थे और उन्होंने हेलमेट भी नहीं लगा रखा था। थाना सेक्टर-39 थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है।
कार चालक यू अशोक नगर निवासी सुभाष शर्मा बृहस्पतिवार को ग्रेटर नोएडा गए थे। रात को जब वह डीएससी रोड पर ग्रेटर नोएडा से नोएडा की ओर आ रहे थे तो सलारपुर यू-टर्न के पास उनकी आल्टो कार के सामने अचानक स्कूटर आ गया। स्कूटर बरौला निवासी हेमचंद का 18 साल का बेटा रोहित चला रहा था। टक्कर लगने से रोहित और उसका चचेरा भाई विकास घायल हो गए। वहीं, हादसे के बाद कार एक पेड़ टकरा गई, जिससे चालक सुभाष शर्मा भी घायल हो गए।
लोगों ने रोहित और विकास को सेक्टर-41 स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रोहित की हालत को देखते हुए उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल भेज दिया गया। शुक्रवार सुबह वहां रोहित की मौत हो गई। उधर, कार सवार युवक को सेक्टर-27 के कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां बृहस्पतिवार रात को उसकी मौत हो गई।
थाना सेक्टर-39 पुलिस के मुताबिक, रोहित इंदिरा गांधी नेशनल ओपन यूनिवर्सिटी से स्नातक कर रहा था। वह बृहस्पतिवार को चचेरे भाई विकास के साथ स्कूटर पर सेक्टर-99 स्थित नर्सरी से पौधे लेने गया था। रात में दोनों केसर गार्डन के सामने डीएससी रोड पर यू-टर्न लेकर रांग साइड जा रहे थे। जैसे ही दोनों नर्सरी के सामने पहुंचे तो सामने से आ रही आल्टो कार की चपेट में आ गए। स्कूटर सवार ने हेलमेट भी नहीं लगाया हुआ था।
एक्सप्रेसवे पर हादसे में इलाहाबाद के पूर्व मेयर की मौत
ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के जीरो प्वाइंट से करीब 22 किलोमीटर आगे टाटा-407 में एक फॉर्च्यूनर कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में इलाहाबाद के पूर्व मेयर और दिल्ली के उद्योगपति की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ, जिसमें चालक कार का संतुलन खो बैठा था।
पुलिस ने बताया कि मूलत: इलाहाबाद के रहने वाले रविभूषण बधावन इलाहाबाद के पूर्व मेयर थे। काफी समय से वो दिल्ली में रह रहे थे। उन्होंने यहां फैक्ट्री लगा रखी थी। शुक्रवार तड़के करीब 5 बजे वह दिल्ली की न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी सी-51 से फॉर्च्यूनर कार में चालक पूरन सिंह के साथ इलाहाबाद के लिए रवाना हुए। दिल्ली से ग्रेटर नोएडा होते हुए वह यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंचे।
जब उनकी कार रबूपुरा के भाईपूर गांव के पास पहुंची तो चालक ने आगे जा रहे टाटा-407 को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन कार की स्पीड तेज होने के कारण गाड़ी टाटा-407 से टकरा गई। दुर्घटना में कार के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद टाटा-407 का चालक गाड़ी लेकर भाग गया। जब तक हाईवे पुलिस मौके पर पहुंचती तब तक रविभूषण की मौत हो चुकी थी। हाईवे कर्मी दोनों घायलों को लेकर कैलाश अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने रविभूषण को मृत घोषित कर दिया। चालक पूरन सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।