'नोटिस का जवाब हम देंगे'
आप पार्टी के लीगल हेड संजीव नासियार ने कहा कि पिछले 1.5 घंटे से भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम यहां पर बैठी हुई थी। जब वे यहां आए तब उनके पास न कोई स्टैंप थी, न कोई पेपर था और न ही कोई नोटिस था। उन्होंने ऊपर से निर्देश लिए और 1.5 घंटे में नोटिस बाहर से तैयार होकर मंगवाया गया। वे नोटिस तामील करके गए हैं जिसका हम जवाब देंगे।
'भाजपा इस देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी'
आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि भाजपा इस देश की सबसे भ्रष्ट पार्टी है। भाजपा विधायकों की खरीद करने वाली और तोड़-फोड़ करने वाली पार्टी है। उन्होंने (भाजपा) महाराष्ट्र, कर्नाटक, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और अरुणाचल प्रदेश की सरकार गिराई, क्या उनके बारे में आपको प्रमाणपत्र चाहिए कि वे भ्रष्ट पार्टी नहीं है? हमने उस पूरे मामले की शिकायत खुद से दी है और जांच की मांग की है। हमने वो नंबर दिया है जिससे फोन आया था। उसकी जांच की जाए।
रमेश बिधूड़ी बोले- आप ने हार की स्वीकार
कालकाजी से भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी ने कहा कि इन्होंने (आप) हार स्वीकार कर ली है। ये बाद में कहेंगे कि ईवीएम खराब हो गई थी। ऐसा कब तक चलेगा? इसकी जांच होनी चाहिए और उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए जो हमेशा झूठ बोलते हैं। आज तक अरविंद केजरीवाल ने जो कहा है, वह कुछ नहीं किया है।
कल 11 बजे के बाद झूठ बोलने वालों का ये पूरा समूह दिल्ली से विदा हो जाएगा
भाजपा सांसद योगेंद्र चंदोलिया ने कहा कि उन्होंने (अरविंद केजरीवाल) भाजपा पर आरोप लगाया और भाजपा ने एसीबी को शिकायत की। केवल मीडिया में छाने के लिए क्या वे भाजपा के खिलाफ किसी भी तरह का आरोप लगा देंगे? उनका (अरविंद केजरीवाल) आरोप भी वैसा ही है जैसा उन्होंने यमुना के पानी में जहर होने का दावा किया था। अब जांच का सामना करते हुए उनकी हवा निकल रही है?। कल 11 बजे के बाद झूठ बोलने वालों और भ्रष्टाचार करने वालों का ये पूरा समूह दिल्ली से विदा हो जाएगा।