दिल्ली महिला आयोग हुए तथाकथित भर्ती घोटाला मामले में आज एंटी करप्शन ब्यूरो ने डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया से तीन घंटे पूछताछ की।
इस पूछताछ के बाद सिसोदिया ने प्रेस कांफ्रेंस की जिसमें सिसोदिया ने बताया कि पूछताछ तो तीन घंटे हुई लेकिन उन्हें यह नहीं बताया गया कि उनका कसूर क्या है।
सिसोदिया ने कहा कि उनपर इस मामले में कार्रवाई बदले की भावना से की जा रही है। दिल्ली सरकार ने जिस तरह से पिछले डेढ़ साल में काम किया है वैसा काम दिल्ली में 20 सालों में नहीं हुआ और यही वजह है कि सरकार पर तरह-तरह की जांचें की जा रही हैं।
उन्होंने आगे कहा कि लाखों लोगों को बिजली पानी आधे दाम पर मिल रहा है ये बात केंद्र को अच्छी नहीं लग रही है। उन्होंने ये भी कहा कि एसीबी ने मुझसे डीसीडब्ल्यू के अधिकारियों को ज्यादा शक्तियां देने के बारे में पूछा। मैं दिल्ली के स्कूल प्रिंसिपलों को भी ज्यादा पावर देना चाहता हूं जिससे वो अच्छे से काम कर सकें।
भर्ती मामले में हुई पूछताछ
manish sisodia
- फोटो : ani
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और दिल्ली वक्फ बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अमानतुल्लाह खान दो अलग-अलग तथाकथित भर्ती घोटाला मामले में एसीबी में पेश हुए। यहां उनसे इस विषय में तीन घंटे लंबी पूछताछ की गई।
सिसोदिया को दिल्ली महिला आयोग में तथाकथित भर्ती घोटाले के मामले में समन भेजा गया था, तो अमानतुल्लाह को भाजपा नेता और सूचना अधिकार कार्यकर्ता विवेक गर्ग की शिकायत पर बुलाया गया था।
सिसोदिया शुक्रवार को दोपहर करीब 11:15 बजे सिविल लाइंस स्थित एसीबी मुख्यालय पहुंचे। उपमुख्यमंत्री ने खुद पहुंचकर एसीबी मुखिया को एक पत्र दिया।
तर्क है कि महिला आयोग ने जो भी भर्ती की है, नियमानुसार है। एसीबी में भर्ती की शिकायत दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष बरखा सिंह ने की है।
दूसरा मामला दिल्ली वक्फ बोर्ड में भर्ती का है। इसकी शिकायत विवेक वर्ग ने की है। एसीबी ने बोर्ड के पूर्व चेयरमैन अमानतुल्लाह खान को दोपहर बाद पूछताछ के लिए बुलाया है।
बोर्ड पहले से भंग
दिल्ली वक्फ बोर्ड के पुनर्गठन की मंजूरी उपराज्यपाल से नहीं लिए जाने पर गत दिनों उपराज्यपाल ने बोर्ड को भंग कर दिया है। इसमें भर्ती समेत तमाम तरह की शिकायतों की जांच सीबीआई को सौंपी है। हालांकि, एसीबी में यह मामला पहले से ही चल रहा है। एसीबी की टीम इस मामले में वक्फ बोर्ड के दफ्तर में एक बार छानबीन भी कर आई है।