नोएडा से इलाहाबाद और लखनऊ तक चलेंगी एसी बसें
अब यूपी रोडवेज के नोएडा डिपो से यात्रियों को एसी बसों में इलाहाबाद और लखनऊ तक का सफर करने को मिलेगा। उत्तराखंड के हल्द्वानी को भी नोएडा से जोड़ा गया है। यही नहीं अब यहां से बरेली और कानपुर के लिए भी बसें मिल सकेंगी।
फिलहाल, इन सभी रूटों पर नोएडा डिपो से बसें संचालित नहीं हो रहीं थी। इन रूटों पर बसें चलाने से यहां के यात्रियों को बेहद फायदा होगा। खास बात यह कि इन सभी रूटों पर एसी बसें चलाने के प्रस्ताव पर मुख्यालय ने शुक्रवार को मुहर लगा दी है। अब रोडवेज प्रबंधन ने स्थानीय तौर पर सेवाओं के लिए कवायद शुरू कर दी है।
रोडवेज प्रबंधन को मिले थे 46 प्रस्ताव
यूपी रोडवेज के गौतमबुद्ध नगर प्रबंधन ने अनुबंध के आधार पर एसी और वॉल्वो बसें चलाने के लिए प्राइवेट ऑपरेटर्स से बातचीत की थी। उस दौरान बड़ी संख्या में संचालकों ने यूपी रोडवेज के साथ मिलकर बसों के चलाने पर सहमति जताई थी। इन्हीं ऑपरेटर्स में से 46 ने आवेदन भी किया था। रोडवेज प्रबंधन ने इनके आवेदनों को मुख्यालय प्रस्तावित कर दिया था। आवेदनों पर मंथन के बाद इन रूटों पर बसों को चलाने की हरी झंडी मिल गई।
एक बार फिर से इंवेस्टर्स मीट कराने की योजना
up roadways
रोडवेज प्रबंधन का कहना है कि पहली इंवेस्टर्स मीट सफल रही है और अब फिर से इसके आयोजन की तैयारी है। इसके माध्यम से फिर से यूपी रोडवेज के साथ मिलकर बसें चलाने के इच्छुक ऑपरेटर्स से बातचीत की जाएगी। इस बातचीत में कुछ और नए ऑपरेटर्स के शामिल होने की संभावना है।
नए ऑपरेटर्स को दो महीने में लगानी होंगी बसें
प्रबंधन का कहना है कि सहमति का पत्र आने के बाद जिन ऑपरेटर्स के पास पहले से बसें हैं। उन्हें तुरंत सेवा शुरू करने के निर्देश दिए जाएंगे। वहीं, जिनके पास बसें नहीं हैं, उन्हें दो महीने के भीतर बसें लगाने को कहा जाएगा। दरअसल, ऑर्डर देने के दो महीने के भीतर नई बसें सेवा के लिए आ जाएंगी।
पढ़ें कहां से कहां तक चलेंगी बसें
रोडवेज
- फोटो : अमर उजाला
यहां से यहां तक बसें
नोएडा से इटावा 2
नोएडा से मुरादाबाद 2
नोएडा से लखनऊ 2
नोएडा से कानपुर 2
नोएडा से इलाहाबाद 2
नोएडा से आगरा 2
नोएडा से मेरठ 2
नोएडा से मथुरा 2
नोएडा से हाथरस 2
नोएडा से कासगंज 2
नोएडा से हल्द्वानी 2
नोएडा से कोटद्वार 2
नोएडा से बरेली 2
30 एसी बसें चलाने की सहमति मुख्यालय से प्राप्त हो गई है। अब प्राइवेट ऑपरेटर्स से बातचीत के बाद अनुबंध के आधार पर जल्द से जल्द नोएडा से अलग-अलग रूटों पर 30 एसी बसों का संचालन शुरू हो जाएगा।- शरद सिंह, आरएम, यूपी रोडवेज