जवाहर लाल नेहरू यूनिवर्सिटी में चल रहे विवाद के बीच शहर में भी इस मुद्दे पर छात्रों की प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं।
देश द्रोहियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद(अभाविप) ने विशाल तिरंगा रैली निकाली। जिसमें शहर के आठ से अधिक महाविद्यालयों के सैकड़ों विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
अभाविप ने जवाहर लाल नेहरू कॉलेज से रैली निकाली जो विभिन्न मार्गों से होती हुई बीके चौक पर पहुंची और वापस कॉलेज में जाकर समाप्त हुई। रैली का नेतृत्व अभाविप के विभाग सह संयोजक राहुल डागर व बलराम भारद्वाज ने किया।
रैली में नेहरू कॉलेज के अलावा महिला कॉलेज, तिगांव कॉलेज, अग्रवाल कॉलेज, सतयुग दर्शन कॉलेज, डीएवी, बीएस अनंगपुरिया कॉलेज और महिला आईटीआई के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया।
इस दौरान छात्र हाथों में तिरंगा लिए हुए थे, छात्रों ने ‘देश जले मैं कुछ न बोलूं ऐसा मैं गद्दार नहीं.. और भारत माता की जय’ आदि नारे लगाए।
रैली के समापन पर राहुल डागर और बलराम भारद्वाज ने कहा कि जेएनयू जैसे बड़े विश्वविद्यालय में देश विरोधी घटनाएं निंदनीय हैं, अभाविप इसका पुरजोर विरोध करेगी।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाओं से विश्व में भी देश व उसके शैक्षिक संस्थानों की छवि धूमिल हो रही है। इस तरह की हरकतों में देश के सभी युवाओं को एक जुट होकर यह संदेश देना चाहिए कि यदि कोई भी देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होगा तो युवा उसका कड़ा विरोध करेंगे।
रैली में नेहरू कॉलेज के अध्यक्ष सौरभ नरवत, प्रिया कुमारी, सूरज तेवतिया, पवन सौरोत, मोहम्मद इश्तियाक, पूजा सिंह, मीनू गोदारा, भावना और तरुण चौधरी आदि छात्र मौजूद रहे।