नोएडा पुलिस ने एमआईपी बाइक घोटाले में फरार आरोपी को सेक्टर-68 से गिरफ्तार किया, जो फर्जी कंपनी के जरिए निवेशकों से रुपये जमा करवाकर ठगी करता था। आरोपी के बैंक खातों में ठगी की रकम मिली, जबकि मास्टरमाइंड सहित कई अन्य पहले ही पकड़े जा चुके हैं।
बाइक बोट घोटाले की तरह हुए एमआईपी बाइक घोटाले में पुलिस ने आरोपी प्रमोटर को गिरफ्तार किया है। आरोपी लंबे समय से फरार था और 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पकड़े गए आरोपी की पहचान राजेंद्र सिंह मूल निवासी फतेहपुर के रुप में हुई है, जो नोएडा में सेक्टर-68 ए गढ़ी चौखंडी में रह रहा था। इस फ्रॉड में पहले भी सेक्टर-58 थाना पुलिस कई आरोपी गिरफ्तार कर चुकी है।
विज्ञापन
एडीसीपी नोएडा सुमित शुक्ला ने बताया कि मेपल इनोवेटिव प्रमोटर्स बाइक कैप्स के नाम से एक कंपनी बनाई गई थी। इसमें एक बाइक लगाने के लिए लोगों से 62 हजार सौ रुपये जमा करवाए जाते थे। निवेशक को इसके एवज में प्रतिमाह दस हजार एक सौ रूप मिलने की बात कही जाती थी। पांच हजार रुपये कमीशन और कंपनी में काम करने पर दस हजार रुपये अतिरिक्त मिलने का वादा निवेशकों से किया जाता था। आरोपी राजेंद्र भी कंपनी में प्रमोटर और कमीशन एजेंट था। इसके बैंक खातों में भी ठगी की रकम आई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को यह पहले से ही पता था कि कंपनी फर्जी तरीके से लोगों के साथ धोखाधड़ी कर रही है। अंत में कंपनी निवेशकों का पैसा लेकर भाग गई। आरोपी ने भी कई निवेशकों के रुपये कंपनी में लगवाए थे, ऐसे में गिरफ्तारी के डर से उसने भी नोएडा छोड़ दिया। इस मामले में मास्टर माइंड समेत कई आरोपी पहले ही गिरफ्तार हो चुके हैं।