रानी बाग थाना इलाके में एक कारोबारी से 60 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाश ने कारोबारी को फोन पर कॉल कर धमकी दी है कि उसकी हत्या के लिए उसे दस लाख की सुपारी मिली है। वह अपनी जान बचाना चाहता है कि तो उसे 60 लाख रुपये दे दे। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। हालांकि अब तक बदमाश का कोई सुराग नही लगा है। सबसे बड़ी बात यह है कि बदमाश अब तक कारोबारी को दो बार कॉल कर कारोबारी और उसके बेटे को भी धमकी दी है।
जानकारी के मुताबिक रामलाल (बदला हुआ नाम) सपरिवार सरस्वती विहार में रहते हैं। उनका अपना कारोबार है। 3 जुलाई को कारोबारी के पास अनजान नंबर से कॉल आया। आरोपी कॉलर ने बताया कि उसकी हत्या करने के लिए किसी ने उसे दस लाख की सुपारी दी है। उसे अपनी जान बचाने के लिए उसे 60 लाख रुपये देने होंगे। आरोपी ने कारोबारी को 4 जुलाई तक का समय दिया था।
साथ ही आरोपी ने कारोबारी को धमकी दी कि अगर उसने पुलिस से शिकायत की तो गैंग के लोग उसकी हत्या कर देंगे। इससे पूर्व बदमाश 9 जून और 13 जून को भी उसे और उसके बेटे को फोन कर धमकी दे चुका है। 9 जून को धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने थाने में शिकायत की थी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कारोबारी ने बदमाशों के कई फोन नंबर मुहैया करवाए हैं। पुलिस की टीम उन फोन नंबरों को सर्विलांस पर लगा दिया है।