पल्ला निवासी अर्चना उपाध्याय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया उनके घर के पास तीन युवक एक लावारिस कुत्ते को लाठी से बुरी तरह पीट रहे थे। आरोपियों में उनकी काॅलोनी में रहने वाला तन्मय नाम का युवक भी शामिल है। महिला व आसपास के लोगों ने कुत्ते को पीटने का विरोध किया तो आरोपी भड़क गए और खुद को निगम कर्मचारी बताने लगे। आरोपियों ने कहा वह विरोध करने वालों के खिलाफ बिना पंजीकरण के कुत्ते रखने व अन्य मदों में नगर निगम की तरफ से भारी जुर्माना लगवा देंगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीनों आरोपी कुत्ते को दम तोड़ने तक मारते रहे। इसके बाद उसके शव को पास पड़े कूड़े के ढेर में फेंककर फरार हो गए। एक निजी संस्था की शिकायत पर पल्ला थाना पुलिस ने एक नामजद सहित तीन के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कुत्ते के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पशु चिकित्सालय में भेज दिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।