नूपुर तलवार की मां लता चीटनीस ने अमर उजाला से खास बातचीत में बताया कि वह अब भी नूपुर की बेटी यानी अपनी नातिन आरुषि तलवार को बहुत मिस कर रहीं हैं। आरुषि बहुत ही होशियार व होनहार बच्ची थी।
तलवार दपंती को जमानत देने के लिए सीबीआई कोर्ट पहुंची आरुषि की नानी लता चीटनीस ने कहा कि आरुषि जब पैदा हुई थी तो उसे सबसे पहले उनकी गोद में दिया गया था लेकिन अब वह इस दुनिया में नहीं है। वह उसे बहुत मिस कर रहीं हैं।
उन्होंने कहा कि आरुषि ने अधिकतर समय ननिहाल में ही बिताया था। लता ने बताया कि हाईकोर्ट के फैसले के बाद उन्हें अपनी बेटी नूपुर व दामाद राजेश की रिहाई पर बहुत खुशी हो रही है, क्योंकि उनकी बेटी-दामाद पर से अपनी बेटी की हत्या का कलंक मिट गया है।