फरीदाबाद में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने तिहाड़ जेल के बाहर पुलिस द्वारा किए लाठी चार्ज का विरोध किया है।
शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन उपायुक्त को सौंपा। ज्ञापन में दोषी दिल्ली पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की गई है। प्रदर्शन का नेतृत्व पार्टी के जिला संयोजक आभाष चंदीला ने किया।
‘आप’ नेता प्रत्याशी पुरुषोत्तम डागर ने कहा कि आज सारा देश यह देखकर परेशान है कि कैसे भ्रष्टाचारियों के खिलाफ आवाज उठाने वाले अरविंद केजरीवाल को जेल जाना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि हम जिला स्तर पर इस मुद्दे को उठाएंगे और पर्चे छपवाकर पार्टी के कार्यकर्ता घर-घर जा कर लोगों को सच्चाई से अवगत कराएंगे। प्रदर्शन में पार्टी के मीडिया प्रभारी सचिन शर्मा सहित भारी संख्या में पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद थे।