मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का तीन कैबिनेट सहयोगियों के साथ सातवें दिन धरना जारी रहा। वहीं, उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया व सत्येंद्र जैन अनशन पर रहे। मार्च शुरू होने के चंद मिनटो बाद केजरीवाल ने ट्वीट किया हम आ गए हैं आज सड़क पर लोकतंत्र की तलाश में, जब बैठी है तानाशाही, प्रधानमंत्री निवास में। वहीं, वह लगातार मार्च से जुड़ी पोस्ट भी शेयर करते रहे। तीनों मंत्रियों ने भी मार्च के हर पल की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा कीं।
सीताराम येचुरी बोले
हमारे संविधान की एक धारा संघवाद है। केंद्र सरकार इसका घोर उल्लंघन कर रही है। दिल्ली के मुख्यमंत्री को जनादेश मिला है और उन्हें केंद्र सरकार काम नहीं करने दे रही है। चार राज्यों के मुख्यमंत्री उपराज्यपाल से षिमलने आए तो वो मिले नहीं। चुने हुए प्रतिनिधियों के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है।
सीताराम येचुरी, वामपंथी नेता
आप के राष्ट्रीय सचिव पंकज गुप्ता ने मीडिया को बताया
दिल्ली की लोकतांत्रिक सरकार को काम नहीं करने दिया जा रहा। कांग्रेस भाजपा की बी टीम बन गई। हम उपराज्यपाल, दिल्ली पुलिस और पीएमओ को भरोसा दिलाते हैं कि प्रदर्शन के दौरान कोई हिंसा नहीं होगी।
पंकज गुप्ता, आप राष्ट्रीय सचिव
वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा
मोदी की तानाशाही के खिलाफ दिल्ली की सड़कों पर आज लोगों का गुस्सा साफ दिख है।। मंडी हाउस से प्रधानमंत्री आवास तक मार्च में शामिल होने लोगों का हुजूम उमड़ा है। दिल्लीवासी लोकतंत्र की रक्षा के लिये सड़क पर उतरे हैं। इससे साफ नजर आता है कि 2019 के लिये भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गयी है।
संजय सिंह, वरिष्ठ नेता आप