नेताजी राम सिंह के आप में शामिल होने पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने किया विरोध
- फोटो : अमर उजाला
बदरपुर से पूर्व विधायक नेताजी रामसिंह को आम आदमी पार्टी (आप) में शामिल करने के विरोध में मौजूदा आप एनडी शर्मा अपने समर्थकों के साथ सोमवार रात उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के मथुरा रोड स्थित आवास पर पहुंचे।
इस मौके पर मौजूद लोगों ने विधायक के समर्थन में नारेबाजी की। साथ ही राम सिंह पर भूमाफिया होने का आरोप भी लगाया। हालांकि देर रात तक एनडी शर्मा की मुलाकात सिसोदिया से नहीं हो सकी थी।
एनडी शर्मा का कहना है कि बीते करीब छह सालों से बदरपुर के आप कार्यकर्ता जिस कांग्रेसी नेता राम सिंह के खिलाफ संघर्ष कर रहे थे, आज पार्टी ने उसे ही अपने साथ ले लिया। इतना ही नहीं, उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के पूर्व विधायक इलाके में करोड़ों में टिकट खरीदने का दावा करते हुए प्रचार भी कर रहे हैं। इससे आप कार्यकर्ता निराश हैं।
एनडी शर्मा ने कहा वह आप कार्यकर्ताओं की आवाज पहुंचाने उपमुख्यमंत्री के घर आए हैं। अभी उनसे मुलाकात नहीं हो सकी है। उन्होंने दावा किया कि बगैर मुलाकात किए वह वापस नहीं लौटेंगे।