आम आदमी पार्टी (आप) ट्रेड विंग ने मांग की है कि गणतंत्र दिवस, स्वतंत्रता दिवस व गांधी जयंती के मौके पर सरकारी संस्थानों के साथ निजी संस्थानों को भी बंद करने की अधिसूचना जारी की जाये। इस बारे में ट्रेड विंग ने इस बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र भी लिखा है। पार्टी का कहना है कि इससे आम लोग राष्ट्रीय अवकाशों का लुत्फ उठा सकेंगे।
प्रधानमंत्री को भेजे गये पत्र में ट्रेड विंग संयोजक बृजेश गोयल ने कहा कि 26 जनवरी, 15 अगस्त और 2 अक्तूबर को राष्ट्रीय अवकाश होता है। सरकारी संस्थानों के साथ इन दिनों में औद्योगिक इलाके व बाजार बंद रहते हैं।
लंबे समय से छोटी दुकानें भी दिल्ली में बंद रहती हैं। लेकिन अमूमन देखा जाता है कि इस दिन भी बड़े-बड़े मॉल्स व बिग बाजार जैसे स्टोर खुले रहते हैं। राष्ट्रीय अवकाश के दिन इन संस्थानों का खुला रहना गलत हैं।
बृजेश गोयल ने बताया कि इन तिथियों का सम्मान करते हुये सभी तरह के प्रतिष्ठान बन्द रहने चाहिये। इस बारे में केंद्र सरकार को एक अधिसूचना जारी करनी चाहिये। उन्होंने बताया कि इसके लिये प्रधानमंत्री के साथ गृहमंत्री राजनाथ सिंह को पत्र भेजा गया है। इस मुहिम को दिल्ली की ज्यादातर बड़ी व्यापारिक एसोसिएशन का समर्थन भी किया है।