-वीडियो साझा कर जय मोदी के नारे लगाने का लगाया आरोप, एलजी से कार्यक्रमों पर खर्च पैसे की जांच कराने की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने नवरात्र के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के डांडिया कार्यक्रम का वीडियो साझा कर भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि जय मोदी डांडिया के जरिये हिंदू आस्था का अपमान किया गया है। उन्होंने कहा कि डांडिया जय मां दुर्गा के लिए होता है, जय मोदी के लिए नहीं।
सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर वीडियो साझा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली के करदाताओं के पैसे का इस्तेमाल किसी राजनीतिक दल के प्रचार के लिए नहीं किया जा सकता। उन्होंने उपराज्यपाल से ऐसे कार्यक्रमों पर खर्च हो रहे सरकारी धन की जांच कराने के आदेश देने का अनुरोध किया।