Manish Sisodia , मनीष सिसोदिया
- फोटो : अमर उजाला- फाइल फोटो
आम आदमी पार्टी (आप) के सूत्रों ने दावा किया है कि उनके पास दिल्ली के उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया को भाजपा द्वारा भेजे गए उस कथित प्रस्ताव की ऑडियो रिकॉर्डिंग है, जिसमें उन्हें पार्टी बदलकर भाजपा में शामिल होने पर उनके खिलाफ दर्ज सभी मामले वापस लेने की बात कही गई है। सूत्रों ने दावा किया कि उनकी पार्टी समय आने पर इस रिकॉर्डिंग को सार्वजनिक करेगी।
मनीष सिसोदिया दिल्ली आबकारी नीति के कथित घोटाले में आरोपी हैं और सीबीआई इस मामले की जांच कर रही है।
एक सूत्र ने पीटीआई को बताया, ''हमारे पास भाजपा के प्रस्ताव वाली ऑडियो रिकॉर्डिंग है। समय आने पर हम भाजपा का पर्दाफाश करने के लिए इसे सार्वजनिक करेंगे।''
आप के सूत्रों ने सिसोदिया के दावों का समर्थन किया है। हालांकि ना तो इन सूत्रों ने ना ही खुद सिसोदिया ने भाजपा के उस नेता का नाम लिया, जिसने उन्हें कथित तौर पर प्रस्ताव दिया।
सीबीआई ने जब्त किया था सिसोदिया का फोन
आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह एक प्रेस वार्ता के दौरान थोड़े असहज हो गए और उन्होंने सीधा जवाब नहीं दिया कि जब सिसोदिया का मोबाइल फोन सीबीआई की टीम जब्त कर ले गई थी तो उन्होंने भाजपा के कथित प्रस्ताव वाली कॉल की रिकॉर्डिंग कैसे कर ली।
सिंह ने कहा था, ‘‘फोन ही एकमात्र माध्यम है? भाजपा नेताओं को यह नहीं पता कि वे इसके लिए किन-किन माध्यमों का उपयोग करते हैं? भाजपा ऐसे कार्यों के लिए फोन, संदेशवाहक, बैठकों जैसे हर तरह के हथकंडे, उपकरण और साधन का उपयोग करती है। जब समय आएगा, तो सब कुछ ‘खुलासा’ हो जाएगा।’’