आम आदमी पार्टी के स्टिंग ऑपरेशन के बाद कांग्रेस नेता भी मैदान में कूद पड़े हैं। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष जेपी अग्रवाल, पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, पूर्व सांसद संदीप दीक्षित के अलावा कई नेताओं ने आम आदमी पार्टी और भाजपा पर सीधा हमला शुरू कर दिया है।
ये नेता अभी तक दिल्ली में सरकार बनाने-बिगाड़ने के प्रकरण पर बयान से दूर थे। दिल्ली में जब भी मुख्यमंत्री प्रोजेक्शन का मामला उठा तो अजय माकन का नाम भी साथ में चला।
ऐसे में दिल्ली की राजनीति पर वो आखिर कितने दिन चुप रहते। एआईसीसी में प्रेस कांफ्रेंस करके दिल्ली में विधानसभा भंग करके चुनाव की मांग कर दी। पूर्व सांसद संदीप दीक्षित न सिर्फ भाजपा को आड़े हाथ लिया बल्कि आप पर भी कांग्रेस विधायकों को सरकार बनाने के लिए प्रभावित करने का आरोप जड़ दिया।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष जेपी अग्रवाल ने कहा कि भाजपा और आप दोनों का काला चेहरा सामने आया है। एक ने सरकार बनाने के लिए विधायक खरीदने की एजेंसी दे रखी है तो दूसरा विधायक बेचने को घूम रहा है। अब जो खुलासे हुए हैं ऐसे में भाजपा कतई सरकार बनाने को आगे नहीं आएगी।