आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल खुद नई दिल्ली सीट से दोबारा मैदान में उतरेंगे।
उनके अलावा उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पटपड़गंज से और स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन शकूर बस्ती से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। परिवहन मंत्री कैलाश गहलोत नजफगढ़ से तो दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया संगम विहार से अपनी किस्मत आजमाएंगे। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ग्रेटर कैलाश से, दिलीप पांडे तिमारपुर से, पार्टी प्रवक्ता राघव चड्ढा राजिंदर नगर से और आतिशी कालकाजी से मैदान में होंगी। पार्टी ने 15 विधायकों का टिकट काट दिया है।
वहीं दूसरी ओर कांग्रेस छोड़कर आम आदमी पार्टी का दामन थामने वाले राम सिंह नेता जी को बदरपुर से तो कांग्रेस नेता महाबल मिश्रा के बेटे विनय कुमार मिश्रा को द्वारका से मैदान में उतारा गया है। इनके अलावा शोएब इकबाल को भी आम आदमी पार्टी ने मटिया महल से मैदान में उतारा है।
इन महिलाओं को मिला टिकट
आम आदमी पार्टी ने महिलाओं को भी खूब टिकट दिए हैं। पार्टी ने 70 सीटों में से आठ सीटों पर महिलाओं को टिकट दिया गया है। इनमें राखी बिड़लान को मंगोलपुरी से टिकट मिला है तो आतिशी तो कालकाजी से पार्टी ने मैदान में उतारा है। इनके अलावा शालीमार बाग से बंदना कुमारी, राजौरी गार्डन से धनवती चंदेला, हरीनगर से राजकुमारी ढिल्लन, पालम से भावना गौर, आरके पुरम से प्रमिला टोकस और रोहतास नगर से सरिता सिंह को टिकट दिया गया है।
मुस्लिम उम्मीदवार भी आजमाएंगे किस्मत
आप ने पांच मुस्लिम उम्मीदवारों पर भी दांव लगाया है। इनमें मटिया महल से शोएब इकबाल, बल्लीमारान से इमरान हुसैन, ओखला से अमानतुल्लाह खान, सीलमपुर से अब्दुल रहमान और मुस्तफाबाद से हाजी यूनुस अपनी किस्मत आजमाएंगे।
उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने माना कि पार्टी ने चुनाव की घोषणा के बाद सर्वे करवाया है। सर्वे व ग्राउंड रिपोर्ट के आधार पर ही उम्मीदवारों का चयन किया गया है।
किसे कहां से मिला टिकट?
- नई दिल्ली- अरविंद केजरीवाल
- पटपड़गंज- मनीष सिसोदिया
- नरेला- शरद चौहान
- बुराड़ी- संजीव झा
- तिमारपुर - दिलीप पांडेय
- आदर्श नगर- पवन शर्मा
- बादली- अजेश यादव
- रिठाला- महेंद्र गोयल
- बवाना- जय भगवान उपकार
- मुंडका- धर्मपाल लाकड़ा
- किराड़ी- रितुराज झा
- सुल्तानपुर माजरा- मुकेश कुमार अहलावत
- नांगलोई जाट- राघवेंद्र शौकीन
- मंगोल पुरी- राखी बिड़लान