अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्वाचन क्षेत्र शालीमार बाग में मकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई पर कड़ा विरोध जताया है। पार्टी के प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज और बुराड़ी से विधायक संजीव झा ने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया।
सौरभ भारद्वाज ने कहा कि चुनाव के दौरान जिन लोगों से मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने समर्थन मांगा था, आज उन्हीं के घरों पर कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध मुख्यमंत्री के पति की ओर से कथित रूप से दबाव बनाया जा रहा है। भारद्वाज ने कहा कि वर्तमान में दिल्ली में कड़ाके की ठंड है और इस मौसम में लोगों को बेघर करना मानवीय दृष्टि से उचित नहीं है। विधायक संजीव झा ने कहा कि शालीमार बाग में हो रही यह कार्रवाई गरीब और कमजोर वर्ग के लोगों के साथ अन्याय है।