आम आदमी पार्टी द्वारा शनिवार देर रात फरीदाबाद के नीलम-बाटा रोड स्थित वैश्य भवन में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में कार्यकर्ताओं को विधानसभा चुनाव जीतने का पाठ पढ़ाया गया।
कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आपसी मनमुटावों को मिल बैठकर सुलझाने की अपील भी की गई। सम्मेलन को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य योगेंद्र यादव, राज्य संयोजक आशावंत व राज्य सचिव परमजीत सिंह ने संबोधित किया।
वक्ताओं ने कहा कि लोकसभा चुनावों में कार्यकर्ताओं ने शहर से लेकर गांव-गांव की गलियों तक पहचान दिलाने में सफलता हासिल की है। सवाल हार-जीत का नहीं बल्कि पार्टी की पहचान घर-घर तक पहुंचाना एक बड़ी उपलब्धि है।
हरियाणा के भी सभी सीटों पर लड़ेंगे चुनाव
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में उनका निर्णय पूछा तो सभी ने हाथ उठाकर हरियाणा विधानसभा के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने की गुजारिश की।
वक्ताओं ने कहा कि यहां पार्टी का जिस तरह से प्रदर्शन रहा है उसे देखते हुए पार्टी को फरीदाबाद से बहुत उम्मीदें हैं। इस बात को ध्यान में रखकर कार्यकर्ता अभी से चुनाव के लिए एकजुट होकर पार्टी के प्रचार-प्रसार में जुट जाएं।
सम्मेलन में जिला संयोजक आभास चंदीला, पुरुषोत्तम डागर, राकेश जैन, सतीश मित्तल, रश्मि मालू, विजय चौहान, विशाल नागर, जवाहर सिंह, दिनेश भारद्वाज, सचिन शर्मा, अमित मित्तल समेत करीब तीन सौ कार्यकर्ता शामिल रहे।