आम आदमी पार्टी अब दिल्ली के ग्रामीण इलाके तक पहुंच बनाने की रणनीति तैयार कर रही है। दिल्ली डायलॉग के अगले चरण में पार्टी की ग्रामीण इलाकों के विकास का रोप मैप पेश करेगी।
रविवार को दिल्ली के घुमनहेड़ा गांव में ग्रामीण विकास के मुद्दे पर जनसभा करने का फैसला किया है। इसी तरह 4 जनवरी को पार्टी जनसभा करेगी।
पार्टी नेता आशीष खेतान का कहना है कि ग्रामीण इलाके के विकास को लेकर कोई राजनीतिक दल चिंतित नहीं है। उन्होंने बताया कि दिल्ली के 1483 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 370 वर्ग किमी एरिया में ग्रामीण आबादी रहती है।
राजधानी के 360 में से 227 गांवों में आज भी बिजली, पानी, सीवर की समस्या है। स्कूल-कॉलेज की कमी है। इन इलाकों से अस्पताल भी 15-20 किमी की दूरी पर हैं। किसानों को अपनी भूमि बेचने पर पाबंदी है।
लाल डोरे क्षेत्र में भी कई तरह की परेशानी से दिल्ली की ग्रामीण आबादी जूझ रही है। ऐसे में उनके विकास के लिए पहल होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनेगी तो इन सब समस्याओं से ग्रामीण आबादी को निजात दिलाई जाएगी। वहीं पार्टी नेता आशुतोष ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार बनी तो योजनाबद्ध तरीके से दिल्ली का विकास किया जाएगा।