सांसद संजय सिंह और एनडी गुप्ता के साथ आप प्रतनिधिमंडल ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। उन्होंने मांग उठाई कि गृह मंत्री मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और दिल्ली के पुलिस आयुक्त के साथ कानून-व्यवस्था के हालात की समीक्षा करें। इसके बाद प्रभावी कदम उठाए जाएं। सांसदों ने गृह मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
मुलाकात के बाद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली में दिन-ब-दिन अपराध बढ़ते जा रहे हैं। आए दिन सड़कों पर लूटपाट और हत्याओं के मामले हो रहे हैं। अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है। आम जनता सड़क तो दूर, अपने घर में भी सुरक्षित नहीं है।
बीते दिनों द्वारका मोड़ पर हुई घटना का हवाला देते हुए संजय सिंह ने कहा कि वायरल वीडियो से साफ है कि अपराधियों में पुलिस और कानून का कोई खौफ नहीं है। अपराधियों ने एक व्यक्ति को चलती सड़क पर गाड़ी रोककर खुलेआम गोलियों से भून दिया। संजय सिंह ने बताया कि अकेले जून महीने में दिल्ली की सड़कों पर शूटिंग की 43 घटनाएं हुई।
इसमें 243 गोलियां चलीं। इसमें 16 लोगों की मौत हो गई। संजय सिंह ने बताया कि उन्होंने गृह मंत्री से कहा है कि दिल्ली को अपराधमुक्त बनाने के लिए तत्काल प्रभाव से जरूरी कदम उठाए जाएं। इस मसले पर वह मुख्यमंत्री और पुलिस कमिश्नर के साथ बैठक कर कारगर योजना तैयार करें।