उपराज्यपाल वीके सक्सेना की ओर से आप नेताओं को भेजे गए कानूनी नोटिस पर दिल्ली की सियासत गरमा गई है। आप सांसद संजय सिंह ने बुधवार को मीडिया के सामने उपराज्यपाल के कानूनी नोटिस की कॉपी फाड़ते हुए चेतावनी दी कि सच बोलने से उनको कोई नहीं रोक सकता। वह किसी से डरने वाले नहीं है।
आप सांसद ने इस तरह के नोटिस को दस बार फाड़ने की बात कही। उधर, नोटिस फाड़ने के बाद भाजपा आप पर हमलावर रही। भाजपा का कहना है कि काॅपी फाड़ने से नोटिस खत्म नहीं होगा। आप नेताओं को जनता को जवाब देना पड़ेगा।
पार्टी दफ्तर में मीडिया से बात करते हुए संजय सिंह ने बताया कि उपराज्यपाल ने मानहानि का नोटिस भेजा है। इसकी काॅपी दिखाते हुए वह तैश में आ गए और कैमरे के सामने नोटिस फाड़ दिया। बकौल संजय सिंह, वीके सक्सेना को कहना चाहता हूं कि देश का संविधान उनको सच बोलने का अधिकार देता है।
देश के सर्वोच्च सदन राज्य सभा का सदस्य होने के नाते सच बोलने का अधिकार है। किसी चोर व भ्रष्ट व्यक्ति के नोटिस भेजने से रुकने और डरने वाला नहीं हूं। इस तरह के नोटिस को 10 बार फाड़कर फेंक देने की बात भी उन्होंने की। साथ ही कहा कि अगर उपराज्यपाल सोचते है कि वह भ्रष्टाचार और लूट करेंगे और अपने भ्रष्ट कारनामों को नोटिसों के नीचे दबा देना संभव नहीं है। वीके सक्सेना के सभी घोटालों का वह खुलासा करेंगे।
उपराज्यपाल पर लगाए नए आरोप
संजय सिंह ने उपराज्यपाल पर भ्रष्टाचार का नया आरोप भी लगाया। उनके मुताबिक, खादी ग्रामोद्योग में चेयरमैन रहते वक्त वीके सक्सेना ने करीब घोस्ट कारीगरों के नाम पर किया करोड़ों का घोटाला किया है। उनका आरोप है कि उस वक्त वहां 4.55 लाख कारीगरों में से 1.93 लाख का ही खाता था। जबकि करीब 2.5 लाख कर्मियों का कोई रिकॉर्ड नहीं है। बावजूद इसके हर महीने इनके नाम से पैसा दिया गया। इस मामले में पटना हाईकोर्ट ने आदेश दिया था कि कारीगरों को कोई भी भुगतान नगद नहीं किया जाए। संजय सिंह यही नहीं रूके।
उनका आरोप है कि मामला किसी सामान्य व्यक्ति के खिलाफ नहीं, केंद्र सरकार की तरफ से नियुक्त दिल्ली के एक भ्रष्ट उपराज्यपाल के खिलाफ है। यह भ्रष्टाचार उस वक्त किया जब वह खादी ग्रामोद्योग के अध्यक्ष थे। खादी के अंदर लाखों की संख्या में कारीगर कपड़े बुनने सहित तमाम काम करते है। संजय सिंह ने इस मामले की सीबीआई और ईडी से जांच की मांग करते हुए उपराज्यपाल की गिरफ्तारी की बात कही।
उपराज्यपाल पर लगाए नए आरोप
आप सांसद संजय सिंह के नोटिस फाड़ने पर प्रदेश भाजपा ने कड़ी आपत्ति जाहिर की है। भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि आप शराब घोटाले को लेकर बौखला गई है। अभी नोटिस फाड़ा गया है, वह दिन दूर नहीं कि पार्टी के नेता सड़क पर कुर्ता फाड़ने लगेंगे। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया पर निशाना साधते हुए तिवारी ने कहा कि नोटिस फाड़ने से जवाबदेही से बच नहीं सकते। कागज फाड़ने से गुनाह खत्म नहीं हो जाता। स्टिंग ऑपरेशन में सब-कुछ साफ हो गया है। मनोज तिवारी के मुताबिक, आप नेता कानून के दायरे में काम कर रही एजेंसी के खिलाफ भी झूठ बोल रहे है। ईडी और सीबीआई पर सवाल खड़े करना देश के कानून पर सवाल खड़े करना है। ब्यूरो