विधायक नरेश बाल्यान ने कहा ‘ऐसे अधिकारियों को मारना चाहिए, ठोकना चाहिए। जो आम आदमी के काम को रोक कर बैठे हैं, ऐसे अधिकारियों के साथ यही सलूक होना चाहिए।’
नरेश बाल्यान ने कहा कि पहले अधिकारी किसी काम को पूरा करने के लिए घूस लेते थे, मगर दिल्ली की अरविंद केजरीवाल सरकार ने उनकी घूसखोरी को बंद कर दी है इसलिए ये लोग तीन दिन का काम पूरा करने में महीने लगा दे रहे हैं।
वहीं, बाद में बोलने के लिए उठे अरविंद केजरीवाल ने कहा कि धोबी समाज के लिए उन्होंने दो महीने पर एक प्रस्ताव तैयार किया है। इसे कैबिनेट में पास होना है। लेकिन इसकी फाइल कभी इधर तो कभी उधर घूम रही है।
अरविंद केजरीवाल के मुताबिक, पहले तो अधिकारी काम नहीं करते। ऊपर से उनको कुछ कह दो तो बुरा मान जाते हैं। दिल्लीवालों का काम कराने के लिए कभी अधिकारियों से तो कभी उपराज्यपाल, भाजपा व कांग्रेस से लड़ना पड़ता है। इस मौके पर उन्होंने बीते तीन सालों के कामों पर अपनी पीठ भी थपथपाई।