सरकार में आते ही आम आदमी पार्टी के मंत्री ही नहीं उनके विधायक तक अपनी धौंस दिखाने का कोई मौका गंवाना नहीं चाहते।
ताजा मामला मंगलवार का है जब आप के एक विधायक ने साउथ कार्पोरेशन के जूनियर इंजीनियर को पीट दिया। तिलक नगर विधान सभा सीट से आप के विधायक जरनैल सिंह पर जूनियर इंजीनियर अजहर मुस्तफा ने आरोप लगाया है कि वह कृष्णा पार्क में एक अवैध निर्माण गिराने गए थे।
इस दौरान आप विधायक जरनैल सिंह अपने समर्थकों के साथ वहां पहुंच गए और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की कोशिश करने लगे। जब उन्हें ऐसा करने से रोका गया तो जूनियर इंजीनियर को विधायक और उनके साथियों ने पीटना शुरु कर दिया।
इंजीनियर मुस्तफा ने कहा कि हमें इस इलाके में अवैध निर्माण की शिकायतें मिल रही थीं जिसे रोकने के लिए हम पुलिस लेकर वहां पहुंचे थे। हमारे पास सारे जरूरी कागजात भी थे जिसे हमने विधायक को दिखाया भी।
क्या कहते हैं आप विधायक?
कागजात दिखाने के बावजूद विधायक ने हमें काम रोकने और ऐसा न करने पर पीटने की धमकी दी। जब इस मामले में पुलिस ने हस्तक्षेप किया तो उन्होंने हमें पीटना शुरु कर दिया।
इस मामले में जरनैल सिंह का कहना है कि ये सारे आरोप बकवास हैं। उन्होंने कहा कि कृष्णा पार्क एक वैध कॉलोनी है। यहां पचास के करीब इमारतों का निर्माण हो रहा है। लेकिन इंजीनियर कुछ इमारतों को चुन कर उन्हें गिराना चाहते हैं।
जरनैल का आरोप है कि मकान मालिकों को गिराने से पहले कोई नोटिस तक नहीं भेजा गया और वह बुलडोजर के साथ मकानों को गिराने पहुंच गए।
इंजीनियर पर लगाया महिला कर्मचारियों से बदसलूकी का आरोप
आप विधायक का आरोप है इस दौरान इंजीनियर ने महिला लेबर्स के साथ बदसलूकी भी की। उन्होंने कहा कि हम इस मामले की पुलिस में शिकायत भी करेंगे।
हालांकि मामले की गंभीरता को देखते हुए साउथ दिल्ली के मेयर सुभाष आर्य ने इस मामले की जांच का आदेश दे दिया है। उनका कहना है किसी को भी कानून व्यवस्था अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है।
अगर अधिकारी अपना काम कानूनी ढंग से कर रहा था तो किसी नेता को यह अधिकारी नहीं है कि उसके काम में बाधा पैदा करे। मेयर का कहना है कि मौके पर पुलिस और जनता भी मौजूद थी इसके बावजूद एक अधिकारी को पीटा गया।
बता दें कि दिल्ली में नेताओं द्वारा सरकारी कर्मचारियों के काम में बाधा पहुंचाने का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले जनवरी में वार्ड नंबर 188 के भाजपा पार्षद ने अवैध निर्माण रुकवाने पहुंचे एक इंजीनियर को भी भरी भीड़ में इसी तरह पीट दिया था।