आम आदमी पार्टी के एक अन्य विधायक विवादों में घिर गए हैं। उन्होंने मोदी सरकार के लिए एक वीडियो में गाली का उपयोग किया है, उस वीडियो के सामने आते ही आप विधायक अमानतुल्लाह खान भाजपा के निशाने पर हैं।
बता दें कि अमानतुल्लाह खान दिल्ली के ओखला से आप विधायक हैं। उन्होंने एक कार्यक्रम के दौरान मोदी सरकार के लिए गाली का प्रयोग किया था जिसके बाद विपक्ष उनपर हमलावर है और आम आदमी पार्टी उनके बचाव में उतर आई है।
पार्टी ने खान के साथ खड़े होते हुए कहा है कि उनका कमेंट पीएम मोदी के लिए न होकर पूरी केंद्र सरकार के लिए है जो कि न्यायोचित शिकायत है। इस वीडियो में अमानतुल्लाह खान उक्त वीडियो में दिल्ली के इस्लामिक छात्र मुफ्ती अब्दुस सामी का समर्थन करते हुए दिख रहे हैं।
मालूम हो कि सामी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने फरवरी के शुरूआत में एक खुले एफआईआर के आधार पर गिरफ्तार किया गया था। यह एफआईआर इस्लामिक स्टेट के खिलाफ किया गया था।
'हां मैंने मोदी सरकार को कहा ह****'
अमानतुल्लाह खान का विवादित वीडियो 16 फरवरी को रिकॉर्ड किया गया था। इस वीडियो में खान एक मुशायरे में बोल रहे थे। इंडियन एक्सप्रेस में छपी एक खबर के अनुसार आप विधायक खान ने ये माना है कि उन्होंने मोदी सरकार के खिलाफ अपशब्द कहे हैं।
अमानतुल्लाह कहा, 'हां मैंने शब्द ह**** का इस्तेमाल केंद्र सरकार के लिए किया था क्योंकि ये गरीबों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों से इंकार कर रही है। ये सरकार केवल उद्योगपतियों के अधिकारों के लिए काम कर रही है। मैंने जिस शब्द का उपयोग किया है उसका असल मतलब है कोई वो चीज ले ले जो उसकी नहीं है। क्या मोदी सरकार अल्पसंख्यकों और गरीबों को दबाकर ऐसा नहीं कर रही है?'
अपने इस भाषण में अमानतुल्लाह खान ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को गृहमंत्री राजनाथ सिंह के घर का घेराव करने को भी कहा। इस वीडियो में दिखाई देता है कि खान कह रहे हैं कि अगर आप सब गृहमंत्री के आवास का घेराव करने का फैसला करें तो दिल्ली में मुस्लिमों की बड़ी संख्या है। अगर आप ऐसा करेंगे तो सरकार की हिम्मत नहीं होगी कि वो आपके बच्चों को हाथ भी लगा सके।
'मुस्लिमों में पैदा किया जा रहा है डर'
अमानतुल्लाह का आरोप है कि पुलिस के पास सामी के खिलाफ कोई सुबूत नहीं है। उन्होंने आगे कहा कि पुलिस ने उन्हें बताया है कि सामी युवाओं को राष्ट्रविरोधी ताकतों के साथ जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहा था।
खान बोले कि डर का एक वातावरण पैदा किया जा रहा है और आप सब मुस्लिम भाइयों को इसके खिलाफ लड़ना होगा। मैं जल्द ही आपको सामी की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन के लिए बुलाउंगा और आपको आना होगा।
सामी का समर्थन करने की बात खान से पूछी गई तो वो बोले कि मैंने लोगों से इसलिए जमा होने को कहा था ताकि सामी के साथ जो अन्याय हुआ है उसके खिलाफ आवाज उठाई जा सके। ये हमारा संवैधानिक अधिकार है। जो भी मोदी सरकार के खिलाफ बोलता है वो राष्ट्रविरोधी हो जाता है लेकिन ऐसा बोलना हमारा अधिकार है और शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना भी हमारा अधिकार है।
'बीजेपी जैसे नहीं हैं हमारे विधायकों के बोल'
अमानतुल्लाह खान का बचाव करते हुए आम आदमी पार्टी के नेता और प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा कि हालांकि मैं ये मानता हूं कि हर व्यक्ति को अपने शब्द सोच समझकर निकालने चाहिए लेकिन खान ने जो मोदी सरकार के खिलाफ बोला वो बिल्कुल सही है। खान ने जो बोला उसका असल मतलब है जो 'हराम की खाता हो।'
हालांकि ये शब्द सही नहीं है और इसके लिए और उचित शब्द प्रयोग किया जा सकता था लेकिन मोदी सरकार ने दिल्ली सरकार और उसके विधायकों को इतना परेशान किया है कि कोई भी ऐसे शब्द इस्तेमाल कर सकता है।
संजय ये भी बोले कि हमारे विधायक तो फिर भी अच्छा व्यवहार कर रहे हैं बीजेपी विधायकों के मुकाबले क्योंकि आगरा में रामशंकर कठेरिया ने जो कहा अगर हमारे विधायक ऐसा कुछ कहते तो बीजेपी वाले तो हमें फांसी ही चढ़ा देते।