दिल्ली सरकार की अगुवाई करने वाले ‘आप’ के मंत्रियों ने कई मामलों में फजीहत के बाद मीडिया से दूरी बनानी शुरू कर दी है।
अभी तक आम जनता के लिए खुले दरवाजे पर अब कर्मचारियों का पहरा है। तर्क है कि मंत्री जी काम कर रहे हैं, मीडिया का प्रवेश वर्जित है। वहीं सूचना के लिए नियुक्त दिल्ली सरकार के सूचना अधिकारियाें के पास भी सूचनाएं अधूरी हैं। हालांकि ‘आप’ से जुड़े नेता कह रहे हैं, जल्द ही सूचनाएं स्ट्रीमलाइन होंगी।
सरकार गठन के बाद रेगुलर मीडिया में दिखाई देने वाली समाज कल्याण मंत्री राखी बिडलान हों या स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन, अचानक गायब हो गए हैं। कानून मंत्री सोमनाथ भारती भी अब मीडिया से बातचीत करने से कतरा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि बार-बार बयान से हो रही किरकिरी को देखते हुए मुख्यमंत्री की तरफ से थोड़ी बंदिश लगाई गई है। परिवहन मंत्री सौरभ भारद्वाज भी अभी कोई खबर नहीं होने का हवाला देकर बृहस्पतिवार को मीडिया से दूरी बनाते दिखे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जरूर शाम को मीडिया से मुखातिब हुए और दिनभर चली हेल्पलाइन, जनता दरबार, जनलोकपाल बिल की सूचनाएं दी। दिनभर दिल्ली सरकार में होने वाली बैठकें या विशेष डेवलपमेंट से जुड़ी जानकारी दिल्ली सरकार के सूचना अधिकारियों के पास भी नहीं है।
वहीं आम आदमी पार्टी की टोपी लगाकर सचिवालय पहुंचने वालों के लिए सभी मंत्रियों के दरवाजे खुले हैं। मंत्री के गेट पर खड़े कर्मी पत्रकारों को जरूर रोकते हैं, लेकिन मैं हू आम आदमी की टोपी उनके कमरों में प्रवेश के लिए पास का काम कर रही है।