दिल्ली के एक अन्य आप मंत्री पर मुश्किलों के बादल मंडरा रहे हैं। महिला और बाल विकास मंत्री संदीप कुमार को उनकी हरकत के लिए मुख्यमंत्री केजरीवाल और उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया से जबरदस्त फटकार भी मिल चुकी है।
बता दें कि संदीप कुमार को ये फटकार उनकी जिद के कारण पड़ी है। उनकी जिद थी कि सोमवार को उन्होंने जिस स्कूल के क्लासरूम का उद्घाटन किया वहां उनकी पत्नी के नाम का पत्थर लगे।
जानकारी के अनुसार संदीप कुमार ने अपनी इस बात के न माने जाने पर उक्त स्कूल की प्रिंसिपल को भी सबके सामने बेइज्जत किया था। इसके बाद संदीप कुमार की शिकायत मुख्यमंत्री केजरीवाल को की गई जिसके बाद केजरीवाल ने उन्हें खूब खरी-खरी सुनाई और मंत्री को प्रिंसिपल से माफी तक मांगनी पड़ी।
मंत्री ने सबके सामने प्रिंसिपल को खरी खोटी सुनाई
संदीप कुमार
मालूम हो कि सुल्तानपुरी स्थित सर्वोदय कन्या विद्यालय में एक कक्षा का उद्घाटन 10 मार्च को होना था। इसके चलते मंत्री संदीप कुमार के दफ्तर से शिलालेख पर जो उकेरा जाना था वो कॉन्ट्रैक्टर को 4 मार्च को भेज दिया गया।
9 मार्च को जब प्रिंसिपल को पता चला कि शिलालेख पर मंत्री की पत्नी का नाम है तो उन्होंने इस पर ऐतराज जताया क्योंकि इस तरह के अधिकारिक शिलालेख पर केवल जनता द्वारा निर्वाचित सदस्यों के नाम ही हो सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार 10 मार्च को जब मंत्री संदीप कुमार स्कूल पहुंचे तो उन्होंने ठेकेदार को उनकी पत्नी के नाम वाला पत्थर लगाने को बोला और साथ ही सबके सामने प्रिंसिपल को खरी खोटी सुनाई।
केजरीवाल के सामने मांगी प्रिंसिपल से माफी
अरविंद केजरीवाल
गौरतलब है कि इस पत्थर की फोटो संदीप ने ट्वीट भी की थी जो अब डिलीट कर दी है उसमें अंत में लिखा था 'रितु वर्मा जी की महत्वपूर्ण उपस्थिति में।'
इस घटना के संबंध में 14 मार्च को केजरीवाल और सिसोदिया से शिकायत की गई जिस पर दोनों ने संदीप को समन भेजा और उन्हें खूब सुनाया। इस दौरान प्रिंसिपल स्वयं मौजूद थी और मुख्यमंत्री व उपमुख्यमंत्री की उपस्थिति में मंत्री संदीप कुमार ने प्रिंसिपल से माफी मांगी।
संदीप के लिए कहा जाता है कि वो पहले भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को नाराज करने वाले काम करते रहे हैं लेकिन इस हरकत को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता था। कहा तो ये भी जा रहा है कि सुल्तानपुर माजरा से विधायक संदीप को और सख्त कार्रवाई झेलनी पड़ सकती है।