दिल्ली में चुनावी बिगुल फूंक चुकी आम आदमी पार्टी (आप) ने अपने चारों सांसदों को निर्देश दिया है कि चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दें। खास तौर से उन्हें सिख मतदाताओं को लामबंद करने की कोशिश करनी है।
पार्टी पदाधिकारियों के मुताबिक, संसद का शीतकालीन सत्र खत्म होने के बाद चारों सांसद विधानसभा चुनाव तक दिल्ली में रहेंगे। लोकसभा चुनाव में आप के भगवंत मान, धर्मवीर गांधी, हरिंदर सिंह और संधू सिंह ने संगरूर, पटियाला, फतेहगढ़ साहिब और फरीदकोट संसदीय सीट जीती। सांसद भगवंत मान के मुताबिक, वे चुनाव प्रचार में अपनी पूरी ताकत लगा देंगे।
वहीं, टिकट बंटवारे को लेकर कार्यकर्ताओं में विरोध भी शुरू हो गया है। पालम से आप उम्मीदवार भावना गौड़ को दोबारा टिकट दिए जाने से कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। उधर, संगम विहार से पूर्व विधायक दिनेश मोहनिया से भी कार्यकर्ता खुश नहीं हैं। कार्यकर्ता नीरज के मुताबिक, भावना गौड़ चुनाव हारने के बाद इलाके में नहीं दिखीं।
कार्यकर्ताओं से भी इनका तालमेल नहीं है। दूसरी तरफ दिनेश मोहनिया का नाम अभी फाइनल नहीं हुआ है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मोहनिया की इलाके में पकड़ नहीं है। रविवार को संगम विहार के कार्यकर्ता भी कौशांबी पहुंचे थे, लेकिन पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात नहीं हो सकी।