प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की डिग्री का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बुधवार को प्रधानमंत्री की डिग्री लेने दिल्ली विश्वविद्यालय पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं को बैरंग लौटना पड़ा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने नियमों का हवाला देते हुए डिग्री देने से मना कर दिया।
इसके बाद आप नेताओं ने पीएम की डिग्री फर्जी होने का दावा किया। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट किया कि आईआईटी खड़गपुर ने एक व्यक्ति के कहने पर उनकी डिग्री तुरंत दे दी थी क्योंकि उन्होंने वहां से पढ़ाई की थी। डीयू प्रशासन पीएम की डिग्री देने से मना कर रहा है क्योंकि उसके पास डिग्री है ही नहीं।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के प्रतिनिधि के तौर पर आप नेता आशुतोष, आशीष खेतान और राघव चड्ढा दोपहर बाद प्रधानमंत्री की डिग्री लेने दिल्ली विश्वविद्यालय पहुंचे थे।