आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा, "जो अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि में डकैती हुई है, उससे पूरी दुनिया के राम भक्तों को ठेस पहुंची है। उन्होंने कुछ भी नहीं छोड़ा, जमीनों के घोटाले किए। भगवान के नाम पर जो लाखों-करोड़ों भक्तों ने पैसे दिए, उन पैसों की चोरी की। जब राम मंदिर बन रहा था तब भी बहुत बड़े स्तर पर कमीशनखोरी की गई। 40 दिनों में सीसीटीवी के अंदर 70 बार चोरी की घटनाएं पकड़ी गई हैं। 8 महीने की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई। हम मांग करते रहे।'
केजरीवाल ने कहा, ' हम सोच रहे थे कि ऊपर वाले लोग कुछ न कुछ करेंगे लेकिन अब ये साफ हो गया कि वे कुछ नहीं करेंगे, क्योंकि उन्हीं की पार्टी और उन्हीं के भाई संगठनों के लोग इसमें शामिल हैं। पूरा का पूरा ढांचा डकैतों और चोरों को बचाने में लगा हुआ है। आज हमने सुंदरपाठ का आयोजन किया, हर भक्त को कसम खानी है कि जिन लोगों ने भगवान राम के घर में डकैती की है, जब तक हम उन्हें फांसी की सजा नहीं दिला देंगे तब तक हम चुप नहीं बैठेंगे।'
अरविंद केजरीवाल चुनावी हिंदू हैं: हरीश खुराना
भाजपा विधायक हरीश खुराना ने कहा, "अरविंद केजरीवाल चुनावी हिंदू हैं। हम ये पहली बार नहीं कह रहे। जब-जब चुनाव आते हैं, अरविंद केजरीवाल के कर्म ये साबित कर देते हैं। आज वे बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं, (राम मंदिर के चढ़ावे में कथित हेराफेरी मामले के खिलाफ) एक हस्ताक्षर अभियान चला रहे हैं, ये सब दिखाता है कि क्योंकि उत्तर प्रदेश में चुनाव आने वाले हैं इसलिए आज अरविंद केजरीवाल और उनका पूरा गैंग चुनावी हिंदू बनने का स्वांग रच रहा है। ये वही अरविंद केजरीवाल हैं, जो कहते थे कि उनकी नानी कहती है कि वहां(अयोध्या) राम मंदिर नहीं बनना चाहिए। पूरी आम आदमी पार्टी का ये मानना था कि वहां राम मंदिर के बजाय कुछ और बनना चाहिए क्योंकि वहां बाबरी मस्जिद रही थी। अब चुनाव के समय वे हिंदू बनने का ढोंग रच रहे हैं। वे तब क्यों चुप थे जब सबरीमाला के अंदर सोने की चोरी हुई थी? मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्रवाई कर रहे हैं, एसआईटी बैठाई गई है, कार्रवाई चल रही है और गिरफ्तारियां भी हो गई हैं। इस चोरी को राजनीतिक रंग देना ठीक नहीं है। कानून को अपना काम करना चाहिए।'