पूर्वी दिल्ली नगर निगम सदन की बैठक में शामिल होने आए आप पार्षदों ने परिचय पत्र मांगने पर महिला गार्ड से मारपीट की।घटना के बाद पीड़ित गार्ड ने इस मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। छानबीन में बाद आप पार्षदों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सोमवार को होने वाली बैठक से महज चंद मिनट पहले ही सदन में प्रवेश के लिए सुरक्षा गार्ड ने पार्षदों से परिचय पत्र दिखाने को कहा तो पहले कहासुनी हुई।
इसके बाद पार्षदों ने गार्ड की पिटाई कर दी। इस घटना के बाद सदन के अंदर और बाहर जमकर हंगामा होने लगा। सत्तापक्ष के पार्षदों ने घटना पर रोष जताया। आप पार्षदों की ओर से मारपीट को बदसलूकी करार देते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। मेयर बिपिन बिहारी सिंह ने कहा कि ऐसी घटनाएं निंदनीय है और इस मामले में पुलिस उचित कार्रवाई कर रही है। उधर, महिला ने मामले की शिकायत पटपड़गंज थाना पुलिस को दी है। फिलहाल मामले की छानबीन चल रही है।
एक माह पहले भी आप-भाजपा पार्षदों में हुई थी धक्कामुक्की
करीब एक महीने पहले भी मीटिंग के दौरान आप और भाजपा पार्षदों के बीच धक्का मुक्की के बाद माइक फेंकने और मारपीट का मामला सामने आया था। इस घटना के विरोध में मेयर और उनके समर्थकों ने डीसीपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करते हुए आरोपी पार्षदों पर कार्रवाई न करने के आरोप लगाए थे। बाद में आप के पार्षदों को तीन बैठकों के लिए स्थगित कर दिया गया था।