दिल्ली में मकान का सपना पूरा करने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) कुछ ही दिन में नई आवासीय योजना को लॉन्च करने जा रहा है। इसके अलावा बोर्ड बैठक में डीडीए का बजट 2019-20 भी तय किया। लगभग 6968 करोड़ रुपये के बजट में अबकी बार 23.30 प्रतिशत की वृद्धि अनुमानित है। डीडीए ने बजट में आवासों एवं दुकानों के निर्माण पर 3022 करोड़, भूमि अधिग्रहण 466, मुआवजे के भुगतान पर 2319 और विविध व्यय पर 1161 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
सोमवार को डीडीए की बोर्ड बैठक में 10 हजार 300 फ्लैट्स की इस योजना को अंतिम मंजूरी मिल चुकी है। बताया जा रहा है कि इसी माह में ये योजना आने वाली है। साथ ही अबकी बार इसे पूरी तरह से ऑनलाइन रखा गया है। इसके अलावा फ्लैट्स के लिए लोग निशुल्क ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। बताया जा रहा है कि अबकी बार डीडीए ने आवासीय योजना को पूरी तरह से ऑनलाइन कर दिया है। इससे भले ही फॉर्म जमा करने के लिए लंबी लाइनों से छुटकारा मिलेगा, लेकिन आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग के लिए ऑनलाइन फॉर्म भर पाना मुश्किल हो सकता है।
डीडीए के एक अधिकारी ने बताया कि नई आवासीय योजना में 10,300 फ्लैट्स रखे गए हैं। यहां लगभग सभी तरह की बुनियादी सुविधाएं पूरी कर दी गई हैं। हालांकि जल आपूर्ति और सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का कार्य चल रहा है। जुलाई माह तक ये पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद ही फ्लैट्स का आवंटन किया जाएगा। लेकिन इसी माह के आखिर तक ये योजना लॉन्च कर दी जाएगी। ये पूरी तरह से ऑनलाइन ही होगी। उन्होंने बताया कि ब्लॉक-ए, सेक्टर जी-7/जी-8 नरेला में 960 ईडब्ल्यूएस, नरेला और वसंतकुंज में 8383 एलआईजी, वसंतकुंज में 579 एमआईजी और 448 एचआईजी फ्लैट्स शामिल हैं। इस योजना से जुड़ी पूरी जानकारी डीडीए की वेबसाइट पर भी मौजूद है।
चेन्नई की तरह होगा दिल्ली का फुटपाथ
बैठक में दिल्ली के फुटपाथों की दयनीय स्थिति को लेकर भी चर्चा हुई। निर्णय लिया गया कि चेन्नई की तरह दिल्ली में भी फुटपाथ को अतिक्रमण से मुक्त कराने के साथ साथ उनके चौड़ीकरण और सौंदर्यीकरण पर भी जोर दिया जाएगा। इसके लिए सभी नगम, दिल्ली सरकार और यातायात पुलिस के साथ मिलकर डीडीए एक नीति प्रारुप भी तैयार करेगा। डीडीए के अनुसार आईटीओ, दिल्ली विवि, उत्तम नगर क्रासिंग, चांदनी चौक, आईएसबीटी, हौजखास, आईआईटी, नेहरु प्लेस, भीकाजी कामा प्लेस, करोल बाग, साकेत, मालवीय नगर, कमला नगर क्षेत्र में सबसे पहले फुटपाथ को लेकर विकास कार्य किए जाएंगे। इसके अलावा रोहिणी, सी.बी.डी. शाहदरा और मयूर विहार में सामाजिक सांस्कृतिक केन्द्रों का निर्माण होगा।