आम आदमी पार्टी के निलंबित निगम पार्षद ताहिर हुसैन को सोमवार को आईबी के जवान अंकित शर्मा की हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। अब तक वह दंगे भड़काने के आरोप में ही गिरफ्तार था। तीन दिन का रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया। वहां एसआईटी की दूसरी टीम ने आईबी कर्मी अंकित शर्मा की हत्या में ताहिर हुसैन को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। कोर्ट ने उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। हालांकि पुलिस ने पांच दिन का रिमांड मांगा था।
आप के निलंबित पार्षद के खिलाफ आईबी कर्मी अंकित शर्मा की हत्या और दंगे भड़काने समेत कई मामले दर्ज हैं। दंगा भड़काने वाले केस की जांच अपराध शाखा की सनलाइट कॉलोनी यूनिट के एसीपी पंकज सिंह की टीम कर रही है। उसने सबसे पहले ताहिर को गिरफ्तार किया था। इस टीम ने ताहिर हुसैन को सात व तीन दिन के रिमांड पर लिया था। तीन दिन का रिमांड खत्म होने के बाद एसीपी पंकज सिंह की टीम ने सोमवार को उसे कोर्ट में पेश किया।
आईबी कर्मी अंकित शर्मा की हत्या की जांच कर रही रोहिणी स्थित एसीपी सुरेंद्र कुमार गुलिया की टीम ने उसे यहां से गिरफ्तार कर लिया। अंकित शर्मा का शव चांद बाग के पास नाले में मिला था। अंकित शर्मा के पिता की शिकायत पर ताहिर हुसैन के खिलाफ हत्या करने की एफआईआर दर्ज की गई है।