ईडी ने आबकारी नीति में कथित अनियमितताओं के मामले में मंगलवार को दिल्ली और पांच राज्यों में छापे मारे हैं। ईडी ने अनियमितता में शामिल लोगों के ठिकानों पर छापे मारे हैं, लेकिन मनीष सिसोदिया के यहां छापा नहीं मारा गया। वहीं आप के मुख्य प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ईडी ने भी मनीष सिसोदिया को क्लीन चिट दे दी। इससे पहले सीबीआई ने ऐसा किया था।
उन्होंने कहा कि ईडी ने अनेक जगहों पर छापे मारे, लेकिन मनीष सिसोदिया के घर नहीं आई, जबकि वह आरोपी संख्या-एक है। उन्होंने कहा कि मनीष सिसोदिया के घर कुछ नहीं मिलने की संभावना के कारण ईटी के अधिकारी नहीं गए, उन्हें लगा होगा कि उनके घर जाना अपमानजनक होगा।
दूसरी ओर आप के वरिष्ठ नेता संजय सिंह ने कहा कि सीबीआई को मनीष सिसोदिया के घर से कुछ नहीं मिलने पर प्रधानमंत्री ने अब ईडी को पीछे लगाया है। प्रधानमंत्री ने ईडी को कहा है कि देश भर में छापेमारी करो और कहीं से कुछ भी मिले उसे मनीष सिसोदिया से जोड़ो। उन्होंने कहा कि गुजरात में अरविंद केजरीवाल की लोकप्रियता बढ़ रही है। इसकी वजह से केंद्र की भाजपा सरकार साजिशन झूठी जांच कराने के खेल में लग गई है। इनका मकसद केवल छापेमारी कर दिल्ली मॉडल को बदनाम करना और शिक्षा-स्वास्थ्य के काम को रोकना है।