नई दिल्ली के आम आदमी पार्टी (आप) ने बृहस्पतिवार को युवाओं को लामबंद करने के लिए एक अनोखे अभियान की शुरुआत की। डांस फॉर डेमोक्रेसी नामक अभियान के तहत राजीव चौक मेट्रो स्टेशन के नजदीक ‘आप’ के युवा कार्यकर्ताओं ने देश भक्ति के गानों पर डांस किया।
करीब 50 युवा कार्यकर्ता 10 गानों पर ज्यादा थिरके। इस दौरान पांच साल केजरीवाल नामक गाना भी बजा। इसके बाद शाम को जनकपुरी डिस्ट्रिक सेंटर के नजदीक कार्यकर्ता इकट्ठा हुए।
दरअसल, दिल्ली की युवा शक्ति को अपने हक में करने के लिए ‘आप’ बड़ी रणनीति पर काम कर रही है। पिछले दिनों दिनों दिल्ली के सैकड़ों कॉफी हाउस में प्रचार अभियान शुरू किया गया था।
अब डांस फॉर डेमोक्रेसी के तहत युवाओं पर पकड़ मजबूत की जा रही है। फिलहाल इसके लिए डीयू, आईपीयू व जेएनयू के 50 छात्रों की एक टीम बनाई गई है। इन पर ऐसी जगहों पर कार्यक्रम करने की जिम्मेदारी है, जहां युवाओं की भीड़ ज्यादा रहती है।