आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ से एक निजी चैनल को दिए गए इंटरव्यू में विंग कमांडर अभिनंदन के नाम का इस्तेमाल करने पर आपत्ति जताया है।
पार्टी ने इसे आचार संहिता के उल्लंघन का मामला बताते हुए चुनाव आयोग में शिकायत दी है। इस पर कार्रवाई की मांग करते हुए आप ने कहा है कि चुनाव प्रचार के दौरान पोस्टर या भाषण में सेना के नाम का इस्तेमाल पर पाबंदी लगनी चाहिए।
पार्टी की लीगल सेल की तरफ से दर्ज कराई शिकायत में चुनाव आयोग के एक निर्देश का हवाला दिया है। इसमें आयोग ने कहा था कि कोई भी राजनीतिक दल चुनाव प्रचार के दौरान सेना के नाम का इस्तेमाल नहीं कर सकता है।
आप का कहा है कि बावजूद इसके प्रधानमंत्री अपने इंटरव्यू में चुनावी फायदे के लिए सेना का नाम ले रहे हैं। वहीं, भाजपा अपने ट्वीटर हैंडल से इसका प्रचार भी कर रही है।
आयोग को दी गई शिकायत में प्रधानमंत्री की स्पीच व ट्वीटर लिंक भी दिया गया है। साथ ही कार्रवाई की मांग की है। गौरतलब है कि पुलवामा आतंकी हमले से जुड़े एक सवाल पर प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए विंग कमांडर का नाम लिया था।