दिल्ली के साथ ही आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश में भी अपना दबदबा बनाने की तैयारी कर रही है। उत्तर-प्रदेश में बढ़ते बलात्कार की घटनाओं और महिलाओं पर हो रहे अपराध के साथ ही किसानों की आत्महत्या के विरोध में आप ने बिगुल फूंक दिया है। पार्टी कार्यकर्ता दिल्ली में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करेंगे।
पार्टी का लक्ष्य न सिर्फ दिल्ली बल्कि यूपी की राजनीति को भी गर्म करने का है। बृहस्पतिवार को कौशांबी स्थित पार्टी के मुख्य कार्यालय पर आयोजित पश्चिमी यूपी के जिला संयोजकों की बैठक में जनांदोलन को लेकर रणनीति तैयार की गई।
पढ़ें- बोले कुमार विश्वास, 'मेरे बॉस नहीं हैं केजरीवाल'
कौशांबी में पश्चिमी यूपी के 17 जिलों से पहुंचे पार्टी संयोजकों के साथ इस मामले पर चर्चा की गई। पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संजय सिंह ने सभी जिला संयोजकों को सक्रियता से जुटने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को किसी तरह की लापरवाही या अनुशासनहीनता पर पार्टी से निकाले जाने की चेतावनी दी है।
आने वाले 20 दिनों में एटा से युवा बाइक रैली लेकर जंतर मंतर पहुंचेंगे। बागपत में हुई किसान की आत्महत्या के विरोध में भी युवा दिल्ली में मार्च करेंगे।
बैठक में गाजियाबाद, मथुरा, बागपत नोएडा, बुलंदशहर, हापुड़, मुजफ्फरनगर समेत 17 जिलों के संयोजकों ने किसान आत्महत्या और महिला अपराध पर प्रदेश सरकार की अनदेखी का विरोध करने की रणनीति तैयार की। इस दौरान ठाकुर देवेंद्र सिंह, नरेंद्र यादव, भूपेंद्र सिंह, महक सिंह तरार, बृजपाल सिंह, विकास, पंकज पाठक, राम अरोड़ा, डीपी सिंह, अरविंद वालियान आदि मौजूद रहे।
जिला संयोजक सीधा पार्टी आलाकमान से रखेंगे संपर्क
बैठक में तय हुआ कि जिला संयोजक सीधा पार्टी आलाकमान से संपर्क रखेंगे। पार्टी कार्यकर्ताओं और आलाकमान के बीच वार्तालाप में किसी भी तरह शून्यता नहीं रहेगी। कार्यकर्ता अरविंद केजरीवाल, संजय सिंह, गोपाल राय और मनीष सिसौदिया से संपर्क करेंगे।