प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भतीजी के साथ हुई झपटमारी के मामले में आम आदमी पार्टी (आप) ने दिल्ली की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाया है। पार्टी का कहना है कि केंद्र सरकार के अधीन काम कर रही दिल्ली पुलिस लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रही है।
पार्टी प्रवक्ता राघव चड्ढा ने कहा कि दिल्ली पुलिस सीधे तौर केंद्रीय गृहमंत्रालय के अधीन काम करती है। दिल्ली की कानून व्यवस्था लगातार खराब होती जा रही है। दिल्ली पुलिस इस पर काबू पाने में नाकाम रही है।
जबकि भाजपा के राजनैतिक विरोधियों के खिलाफ कार्रवाई करने में पुलिस एक पल की भी देरी नहीं करती। इससे उसे सियासी तौर पर सुरक्षा मिल गया है। जबकि दिल्ली के लोग इसका नुकसान उठा रहे हैं।
मामला प्रधानमंत्री की भतीजी के साथ झपटमारी का है। यह बेहद हैरान करने वाला है कि बदमाश उस इलाके में भी वारदात करने में कामयाब रहे, जहां उपराज्यपाल व मुख्यमंत्री का आवास है। दूसरी तरफ आप सांसद संजय सिंह ने कहा है कि दिल्ली अपराध की राजधानी बनती जा रही है। अगर यहां प्रधानमंत्री की भतीजी सुरक्षित नहीं है तो आम लोगों का क्या हाल होगा।