जम्मू कश्मीर बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आम आदमी पार्टी (आप) ने हाथ बढ़ाया है। पार्टी का हर विधायक अपनी विधायक निधि से बीस लाख रुपये की मदद करेगा। इससे इकट्ठा हुई 5.40 करोड़ रुपये की राशि का पार्टी बाढ़ राहत कोष में जमा करा देगी।
पार्टी का कहना है कि 2012 में तय किया गया था कि प्रत्येक विधायक हर साल अधिकतम 35 लाख रुपये प्राकृतिक आपदाओं के समय राहत कार्य पर खर्च करेगा। यह राशि विधायक निधि से दी जाएगी। कश्मीर घाटी फिलहाल बढ़ी आपदा के दौर से गुजर रही है। वहां लाखों लोग बाढ़ से प्रभावित हैं।
आप का दावा है कि पार्टी की सभी राज्य इकाईयां अपने स्तर पर राहत सामग्री जुटा रही हैं। इसे आपदा प्रभावित क्षेत्र तक भेजा जा रहा है। इस बीच पार्टी की जम्मू कश्मीर इकाई ने बताया है कि प्रभावित क्षेत्र में खाना, पानी, दूध, बिस्कुट, ब्रेड आदि रोजमर्रा की चीजों की जबरदस्त किल्लत है।
ऐसे में फैसला किया गया है कि दिल्ली के सभी विधायक राहत कार्य में योगदान करेंगे। इसके साथ ही पार्टी ने अपने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की है कि राहत सामग्री जुटाने का काम वह पूरी सक्रियता से करें। जिससे आपदा में फंसे लोगों को राहत दिलाई जा सके।