जानकारी के अनुसार, 42 वर्षीय हरिकिशन पुत्र रघुवीर निवासी वार्ड पांच शिव कॉलोनी फिरोजपुर झिरका अपने साले देवेंद्र पुत्र कालूराम निवासी डगडगा जिला अलवर राजस्थान को एक एजेंट के साथ शादी कराने के लिए पश्चिम बंगाल जलपाईगुड़ी ले गया। वहां पहुंचने के बाद एजेंट(बिचौलिये) के कुछ रिश्तेदारों ने लड़के की शादी कराने के बजाय हरिकिशन व देवेंद्र से पैतालीस हजार रुपये लूट लिए और उन दोनों लोगों पर जानलेवा हमला बोल दिया।
हमले में 42 वर्षीय हरि किशन की मौत हो गई। जिसे उन्होंने पश्चिम बंगाल के मालदा रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर फेंक दिया। वहीं देवेंद्र ने बड़ी मुश्किलों से वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पश्चिम बंगाल मालदा पुलिस स्टेशन के असिस्टेंट इंस्पेक्टर मनोज कुमार उपाध्याय ने बताया कि 42 वर्षीय युवक का शव मालदा रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर पड़ा हुआ मिला। जिसकी सूचना युवक के परिजनों को दी गई और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया।