-डाबड़ी इलाके की घटना, पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे से आरोपी की पहचान कर पकड़ा, बच्चा सकुशल बरामद
-बच्चे के जरिये पिता से उगाही करना चाहता था आरोपी, बच्चे को लेकर बिहार भागने का कर रहा था प्रयास
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
डाबड़ी इलाके में पैसे को लेकर चल रहे विवाद में एक सहयोगी ने अपने मालिक के सात साल के बेटे को अगवा कर लिया। हालांकि वह उसे दिल्ली से बाहर ले जा पाता, इससे पहले पुलिस ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके चंगुल से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। आरोपी की पहचान मधुबनी बिहार निवासी मोहम्मद आदिल अंसारी के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने बताया कि 20 अप्रैल को डाबड़ी निवासी पप्पू अंसारी ने डाबड़ी थाने में अपने सात साल के बेटे को अगवा किए जाने की शिकायत की। उसने बताया कि शाम 4.30 बजे आरोपी उसे घर से ले गया है। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस की टीम तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर आस पास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की। साथ साथ आस पास रहने वालों से भी पूछताछ की।
पूछताछ और सीसीटीवी कैमरों की जांच में पता चला कि बच्चे को अगवा पप्पू अंसारी के यहां दर्जी का काम करने वाला युवक मोहम्मद आदिल अंसारी ने की है। जो मूलत: बिहार के मधुबनी का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपी के जाने की दिशा में लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की, तो पता चला कि आरोपी नई दिल्ली रेलवे स्टेशन की ओर गया है। पुलिस ने सभी रेलवे थाना पुलिस को अलर्ट करने के बाद खुद नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पहुंची। अपहरण के करीब पांच घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके चंगुल से बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। वह बच्चे को अगवा कर गांव भागने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने बच्चे को उसके परिवार वालों के हवाले कर दिया है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका बच्चे के पिता से पैसे के लेन-देन को लेकर विवाद था। वह बच्चे के जरिए उसके पिता से उगाही करना चाहता था।