सेंट्रल थाना क्षेत्र में फोन पर दोस्ती करने के बाद एक युवक ने युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने माता-पिता से 30 लाख रुपये नहीं दिलाने पर भविष्य खराब करने की धमकी दी।
शनिवार को युवक ने घर में घुसकर युवती से मारपीट और सामान तोड़ दिया। युवती की शिकायत पर पुलिस आरोपी को गिरफ्तार करने में जुट गई है।
सेंट्रल थाना क्षेत्र निवासी 22 वर्षीय युवती ने बताया कि सेक्टर-19 निवासी दीपक शर्मा से उसकी जान पहचान है। वह उससे फोन पर बात करती थी। अब दीपक उसे ब्लैकमेल कर माता-पिता से रुपये दिलवाने का दबाव डाल रहा है। शनिवार शाम वह बाजार गई थी। घर लौटते समय दीपक ने उससे रास्ते में बदसलूकी की।
आरोप है कि दीपक युवती के पीछे घर में घुस आया। उसने युवती से हाथापाई की और 30 लाख रुपये मांगे। जब युवती के परिजन पहुंचे तो आरोपी ने उनसे भी अभद्रता की और घर का फर्नीचर भी तोड़ डाला। एसएचओ सेंट्रल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।