-उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुखर्जी नगर की वारदात, पुलिस ने 16 साल के नाबालिग को दबोचा, वारदात में इस्तेमाल चाकू भी किया गया बरामद, आरोपी से पूछताछ कर रही पुलिस
-आरोपी और मृतक दोनों मीट की दुकान पर एक साथ करते थे काम, सुबह काम पर जाते समय स्कूटी पर बैठे हुए मारा पीछे से चाकू, आरोपी ने कई वार किए, बाद में हो गया फरार
-पीड़ित पर सड़क पर गिरा, काफी देर सड़क पर तड़पता रहा युवक, करीब आधे घंटे में पुलिस पहुंची, तब तक बह चुका था काफी खून अस्पताल ले जाने पर इलाज के दौरान हुई मौत
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पश्चिम दिल्ली के मुखर्जी नगर इलाके में सोमवार सुबह एक नाबालिग ने अपने दोस्त की चाकू से वारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी भाग गया। मृतक की शिनाख्त आमान (19) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसका शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी भेजा है। शाम के समय पुलिस ने 16 वर्षीय नाबालिग को हत्या के आरोप में दबोच लिया। पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया है कि आमान उसकी रिश्ते ही बहन को आते-जाते कमेंट करता था। उसने कई बार आमान को मना भी किया था, लेकिन वह नहीं मान रहा था। सोमवार को योजना बनाकर उसने वारदात को अंजाम दे दिया।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि आमान अपने परिवार के साथ गली नंबर-3, धोबी घाट, अशोक विहार के संगम पार्क में रहता था। इसके परिवार में भाई रहमान व अन्य सदस्य हैं। आमान एरिया की एक मीट की दुकान पर काम करता था। नाबालिग दोस्त भी उसके साथ वहीं काम कर रहा था। सोमवार सुबह 9 बजे दोनों दोस्त स्कूटी पर सवार होकर दुकान जाने के लिए निकले। आमान स्कूटी चला रहा था। इस बीच नाबालिग उसके पीछे बैठा हुआ था। इस बीच कूड़ा खत्ता, मलिकपुर पहुंचने पर पीछे बैठे नाबालिग ने अचानक चाकू निकाला और आमान की पीठ पर वार कर दिया। आमान ने स्कूटी रोकी तो आरोपी ने चाकू के कई वार किए। आमान वहीं पर गिर गया। बाद में आरोपी फरार हो गया। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस की गाड़ी भी काफी देर में पहुंची। इस बीच आमान वहीं पर पड़ा तड़पता रहा। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने आमान को बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार शुरू हुआ। दोपहर के समय इलाज के दौरान आमान ने दम तोड़ दिया। उसकी मौत के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी नाबालिग की तलाश शुरू की। देर शाम उसे संगम पार्क एरिया से दबोच लिया गया। आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।