चिड़ियाघर घूमने के बाद परिवार के साथ घर लौट रहे युवक की जेबतराशों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। घटना के दौरान बदमाशों ने मृतक की पत्नी पर भी चाकू से हमला किया। घटना देश की राजधानी दिल्ली की है। दरअसल, बस में सफर करते हुए जेबतराशों ने युवक की जेब काट ली और मौके से भागने लगे ।
पीड़ित ने बदमाशों का पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान बदमाशों ने उसपर चाकू से हमला कर दिया। लोगों ने दो बदमाशों को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने इनकी निशानदेही पर एक और बदमाश को दबोच लिय है। आरोपियों की पहचान सूरज (20), सुमित (25) और अजीत (24) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, मृतक की शिनाख्त 25 वर्षीय अमरजीत के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ बाहरी दिल्ली के निलौठी गांव में रहता था। वह प्राइवेट नौकरी करता था। रविवार को वह पत्नी मंजू, बेटे और भाई के साथ चिड़ियाघर आया था।
शाम करीब छह बजे सभी घर जाने के लिए चिड़ियाघर बस स्टैंड से रूट नंबर 405 की बस में सवार हुए। इसी दौरान अन्य चार युवक भी बस में चढे़। जब बस प्रगति मैदान पहुंची तभी अमरजीत की पत्नी ने एक युवक को उनकी जेब से मोबाइल निकालते देख लिया और शोर मचा दिया।