फरीदाबाद सेक्टर-58 थाना एरिया की राजीव कॉलोनी में चार युवकों ने मिलकर अपने दोस्त के गुप्तांग में सबमर्सिबल की पाइप से पानी डाल दिया। आरोप है कि पानी के प्रेशर के चलते मनोज चौहान (35) की आंत क्षतिग्रस्त हो गई। गंभीर हालत में युवक को इलाज के लिए दिल्ली एम्स ट्रामा सेंटर ले जाया गया तो उसकी मौत हो गई। सेक्टर-58 थाना पुलिस ने मामले में गैर इरादतन हत्या की धारा में एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सेक्टर-58 थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनकी पहचान संजय कॉलोनी निवासी संदीप व राहुल उर्फ कबूतर के तौर पर हुई। दोनों आरोपियों से टीम पूछताछ कर रही है। आरोपियों से शुरुआती पूछताछ में सामने आया कि मनोज व आरोपी आपस में दोस्त हैं। गैर इरादतन हत्या का आरोप गिरफ्तार किए गए संदीप व राहुल उर्फ कबूतर के अलावा अतिंद्र व कार्तिक पर भी लगा है।
परिवार को बताया तबीयत खराब है
आरोपियों ने बताया कि 16 मई की रात को संजय कॉलोनी में ही एक दोस्त की शादी में सभी गए हुए थे। वहां सभी ने शराब पी और अपने-अपने घर चले गए। 17 मई की अल-सुबह लगभग पांच बजे आरोपी मनोज के घर गए और उसे साथ लेकर डंपिंग यार्ड के पीछे एक फॉर्म पर चले गए। वहां पर पार्क में सभी नहाते हुए मस्ती करने लगे। इसी दौरान संदीप ने मनोज को पकड़ लिया, फिर राहुल उर्फ कबूतर ने समरसेबल के चलते हुए पानी की पाइप मनोज के गुप्तांग में पीछे लगा दी, जिससे पानी मनोज के गुप्तांग से अंदर शरीर में चला गया। मनोज की हालत बिगड़ने लगी। सुबह लगभग नौ बजे वे सभी मनोज को उसके घर छोड़ आए और परिवार को बताया कि इसकी तबीयत खराब है।
चेकअप व टेस्ट में हुआ खुलासा
मनोज के भाई आनंद चौहान ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि मनोज पेट में दर्द बताने लगा। मनोज को लेकर वे निजी अस्पताल गए तो डॉक्टरों ने चेकअप व टेस्ट कर बताया कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है, सूचना पुलिस को देनी चाहिए। साथ ही मनोज को वहां से बीके अस्पताल रेफर कर दिया। बीके अस्पताल से मनोज को बल्लभगढ़ सिविल अस्पताल रेफर किया गया। वहां से उसे दिल्ली ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। देर रात एक बजे इलाज के दौरान मनोज की वहां मौत हो गई तो मामला पुलिस तक पहुंचा। सेक्टर-58 थाने में एफआईआर दर्ज कर अब दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।