पूर्वी दिल्ली के न्यू अशोक नगर इलाके में दल्लूपुरा गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक ने सोशल मीडिया पर रील बनाने के चक्कर में अपने चचेरे भाई की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौत हो गई। इस वारदात के समय युवक का भाई मोबाइल पर वीडियो बना रहा था, लेकिन उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था कि उसका भाई ऐसा खौफनाक कदम उठा लेगा।
यह घटना दल्लूपुरा गांव में हुई, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक ने लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया, जो उसके चचेरे भाई की बताई जा रही है। वारदात के वक्त मृतक का भाई वीडियो बना रहा था। जब युवक ने खुद को गोली मारी, तो वीडियो बना रहा भाई सकते में आ गया। उसे विश्वास ही नहीं हुआ कि जो वह देख रहा है, वह हकीकत है। न्यू अशोक नगर थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर पवन के चचेरे भाई हिमांशु को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया है। घटना का वीडियो काफी वायरल हो रहा है।