-युवक को नीचे उतारने में पुलिस व दमकल कर्मियों के पसीने छूटे, हाइड्रोलिक गाड़ी की मदद से उतारा गया युवक
-उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर स्थित गोपालपुर की वारदात, शराब के नशे में कूदकर आत्महत्या की धमकी देने लगा युवक
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के वजीराबाद स्थित गोपालपुर गांव में बुधवार की सुबह नशे में धुत एक युवक हाईटेंशन खंभे पर चढ़ गया। युवक चिल्ला-चिल्लाकर आत्महत्या करने की धमकी देने लगा। राहगीरों की जब उस पर नजर पड़ी तो लोगों के होश उड़ गए। युवक करीब 60-70 फीट ऊंचे खंभे पर था।
फौरन मामले की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची तिमारपुर थाना पुलिस ने युवक से नीचे उतरने के लिए कहा तो वह कूदने की धमकी देने लगा। सारे हालात देखकर दमकल कर्मियों ने कनॉट प्लेस स्थित केंद्र से हाइड्रोलिक क्रेन वाली गाड़ी मौके पर मंगाई। बाद में करीब दो घंटे बाद युवक को सुरक्षित उतार लिया गया।
युवक को सकुशल उतारते ही मौजूद लोगों ने तालियां बजानीं शुरू कर दीं। नीचे लाने के बाद जब युवक से पूछताछ हुई तो उसने बताया कि पत्नी से झगड़ा करने के बाद वह आत्महत्या करने की नियत से खंभे पर चढ़ा था। पुलिस आरोपी युवक के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कर रही है। युवक को उसके परिवार के हवाले कर दिया गया। पहचान मिंटू (26) के रूप में हुई है। वह परिवार के साथ गोपालपुर गांव में रहता है और रिक्शा चालक है। परिजनों ने पुलिस को बताया है कि मिंटू को शराब पीने की लत है। इसकी वजह से अक्सर वह खुद पत्नी से झगड़ा करता रहता है। बुधवार को भी ऐसा ही हुआ और वह घर से निकल गया।