बिंदापुर इलाके में बृहस्पतिवार को सड़क धंसने से रोड़ी से लदा एक ट्रक पलट गया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक महिला ट्रक से गिरे रोड़ी के नीचे दब गई। महिला की पहचान सेक्टर 3 द्वारका जेजे कॉलोनी निवासी रेणु देवी के रूप में हुई। पुलिस ने महिला को ट्रक के नीचे से निकालकर अस्पताल में लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह बिंदापुर थाना पुलिस को सड़क किनारे रोड़ी लदे ट्रक के पलटने और उसमें एक महिला के दबने की जानकारी मिली। पुलिस ने तुरंत क्रेन मंगवाकर ट्रक को सीधा किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत रोड़ी को हटवाया और उसके नीचे दबी महिला को निकालकर इंदिरा गांधी अस्पताल में लेकर गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला रेणु देवी घटना के समय बच्चों के लिए खाना बनाने के लिए घर जा रही थी।
घटना के बाद चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और ट्रक के मालिक के जरिए चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि सड़क धंसने की वजह से ट्रक पलटा है।