शव को एंबुलेंस में रखकर मिल परिसर में धरने पर बैठ गए
मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन सीधे शव को लेकर अनामिका शुगर मिल परिसर में घुस गए और मुख्य द्वार तक जा पहुंचे और वहा हंगामा करने लगे। हंगामे की सूचना पर औरंगाबाद थाना प्रभारी नीतीश भारद्वाज पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। परिजन शव को एंबुलेंस में रखकर मिल परिसर में धरने पर बैठ गए। परिजनों ने मृतक के बेटे को मिल में नौकरी के साथ दो बेटियों की शादी करने के लिए मुआवजे की मांग की है। मौके पर पहुंचे विधायक संजय शर्मा ने भी पहुंच कर परिजनों को आश्वासन दिया और मिल प्रबंधन से भी बातचीत की है।
दो बार बंद कराई चेन, मिल प्रबंधन में मचा हड़कंप
गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों ने जैसे ही फैक्टरी के मुख्य द्वार के अंदर घुसने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें अंदर घुसने से रोक दिया। तत्काल मुख्य द्वार को छावनी में तब्दील कर दिया गया। बाद में लोगों ने जबरन चेन को रुकवा दिया। जिसके बाद गन्ने की पेराई बंद हो गई। इस पर मिल प्रबंधन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में जीएम संजय मिश्रा गुस्साए परिजनों व ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उन्हें समझाने का प्रयास किया। इस दौरान लोगों की जीएम से नोंकझोंक भी हो गई। करीब आधा घंटे बाद चेन को चालू करा दिया गया, तब जाकर मिल प्रबंधन ने राहत की सांस ली। दोपहर दो बजे फिर से प्रदर्शनकारियों ने चेन बंद करा दी। हालांकि, बाद में इसे चालू करा दिया गया है।